भिलाई में गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1.26 किलो गांजा जप्त
नशा मुक्ति के खिलाफ पुलिस का अभियान
*दुर्ग, 02 अक्टूबर 2026 |* दुर्ग पुलिस की नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत भिलाई नगर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने रुवाबांधा बस्ती तालाब के पास गांजा बेचने के लिए ग्राहक ढूंढ रहे एक युवक को रंगे हाथ पकड़ा है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान *हरि देशमुख (20 वर्ष), निवासी बजरंग नगर, कुंदरा पारा, दुर्ग* के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 01 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रुवाबांधा तालाब के पास एक व्यक्ति बोरी में गांजा लेकर घूम रहा है और बेचने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने गवाहों के साथ घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा।
तलाशी में उसके पास से *01 किलो 260 ग्राम गांजा* बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत करीब *1 लाख 20 हजार रुपये* बताई जा रही है। साथ ही बिक्री में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन भी जप्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ *एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)* के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी तालाब के सुनसान इलाके का फायदा उठाकर नशे के आदी लोगों को गांजा बेचता था। मामले में आगे की जांच जारी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
